बिहार में सवा लाख बोरी मक्का की दैनिक आवक

ऊंचे भावों से 350 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट

जयपुर, 29 अप्रैल। बिहार की मंडियों में मक्की का आवक दबाव निरंतर बढ़ रहा है। वहां की उत्पादक मंडियों में तकरीबन सवा लाख बोरी मक्का प्रतिदिन आ रही है। यही कारण है कि दो सप्ताह के अंतराल में मक्का ऊंचे भावों से करीब 350 रुपए प्रति क्विंटल टूट गई है। बिहार की उत्पादक मंडियों में लूज मक्का के भाव 1800 से 1870 रुपए प्रति क्विंटल रह गए हैं। बिहार की गुलाबबाग मंडी में 50 हजार बोरी मक्का प्रतिदिन उतरने के समाचार हैं। बिहार की ही कुरसेला मंडी में 30 हजार, सेमापुर 20 हजार, नौगछिया 5 हजार तथा बंगाल की दलखोला मंडी में 20 हजार बोरी मक्का की दैनिक आवक हो रही है।

राजधानी कृषि उपज मंडी में माहेश्वरी एंड कंपनी के विजय माहेश्वरी ने बताया कि दो सप्ताह बाद मक्का की आवक और बढ़ जाएगी। लिहाजा कीमतों में अभी और मंदी के आसार बन सकते हैं। उत्तर प्रदेश की नई मक्का जून के पहले सप्ताह में आने की संभावना है। गुजरात की दाहोद लाइन में नई मक्का सीमित मात्रा में आ रही है। राजस्थान में बांसवाड़ा की घाटोल मंडी में भी नई मक्का कम मात्रा में आने की खबर है।

जानकारों का कहना है कि यद्दपि स्टार्च कंपनियों एवं पौल्ट्री फार्म्स की मक्का में अच्छी डिमांड है, लेकिन आवक दबाव के चलते भावों में गिरावट का रुख देखा जा रहा है। वर्तमान में पंजाब डिलीवरी मक्का के भाव 2025 रुपए प्रति क्विंटल पर घटाकर बोले जा रहे हैं।