पैदावार घटने से धनिया 7 रुपए प्रति किलो महंगा

इस साल उत्पादन में 24 फीसदी की गिरावट

जयपुर, 2 अप्रैल। पैदावार कम होने से धनिया इन दिनों निरंतर महंगा हो रहा है। एक सप्ताह के दौरान इसके भाव करीब 700 रुपए प्रति क्विंटल (7 रुपए प्रति किलो) उछल गए हैं। कोटा बादामी मशीनक्लीन धनिया बिल्टी के भाव 72 रुपए, जबकि धनिया ईगल कोटा मशीनक्लीन बिल्टी 77 रुपए प्रति किलो बिकने लगा है। स्टॉकिस्टों एवं पिसाई वालों की मांग जारी रहने से धनिये में और तेजी के आसार व्यक्त किए जा रहे हैं। विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित गिनोडिया एग्रो के डायरेक्टर विशाल गिनोडिया ने बताया कि इस वर्ष देश में धनिये की पैदावार लगभग 19 लाख बोरी (एक बोरी 40 किलो) कम हुई है। यानी तकरीबन 24 फीसदी धनिया इस साल कम पैदा हुआ है। इसके अलावा धनिये का कैरी फॉरवर्ड स्टॉक भी ज्यादा नहीं है। इसे देखते हुए चालू साल में धनिये की कीमतें मजबूत ही बनी रहने के आसार हैं। जानकारों का कहना है कि प्रमुख धनिया उत्पादक राज्य राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं गुजरात में इस बार धनिये की बिजाई कम हुई थी। इसके अलावा मौसम प्रतिकूल होने से भी उत्पादन में भारी गिरावट रही है। इधर मार्च क्लोजिंग के चलते पिछले दिनों मंडियों में धनिये की आवक भी कम हुई, जिससे सटोरियों ने भाव बढ़ा दिए। विश्व स्तर पर धनिये की शॉर्टेज होने से आयात की संभावनाएं भी नहीं हैं।

देश में कहां कितना उत्पादन

राज्य         वर्ष 2018     वर्ष 2019

मध्य प्रदेश     3445050     2912663

राजस्थान      2630006     2297960

गुजरात        2010056     972188

(स्रोत: फैडरेशन ऑफ इंडियन स्पाइस स्टेक होल्डर्स, आंकड़े बोरियों में, एक बोरी 40 किलो)