बिजाई घटने से धनिये में 500 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी

ईगल कोटा बिल्टी मशीनक्लीन के भाव 8600 रुपए प्रति क्विंटल

जयपुर, 18 नवंबर। धनिया की कीमतें एक बार फिर उफान पर हैं। बिजाई कम होने की खबरों से एक सप्ताह के दौरान धनिया करीब 500 रुपए प्रति क्विंटल महंगा हो गया है। धनिया ईगल कोटा बिल्टी मशीनक्लीन जीएसटी पेड के भाव 8600 रुपए प्रति क्विंटल पहुंच गए हैं। जयपुर मंडी में धनिया ईगल 8700 रुपए प्रति क्विंटल जीएसटी अलग में व्यापार होने की खबर है। राजधानी कृषि उपज मंडी स्थित श्रीनाथ ब्रोकर्स के प्रमोद मेड़तवाल ने बताया कि दिवाली बाद धनिये की बिजाई शुरू हो जाती है। इस बार धनिये की बिजाई 20 फीसदी कमजोर रहने के आसार दिखाई दे रहे हैं। नया धनिया 15 फरवरी के बाद ही आने की संभावना है। मेड़तवाल ने कहा कि देश भर की मंडियों में फिलहाल 40 लाख बोरी धनिये का स्टॉक होने का अनुमान है। नया धनिया आने से पहले खपत के लिए लगभग 20 लाख बोरी धनिये की जरूरत रहेगी। इस प्रकार करीब 20 लाख बोरी धनिया कैरी फॉरवर्ड में जा सकता है। चूंकि इस साल धनिये की बिजाई 20 फीसदी कम रहेगी। लिहाजा धनिये की कीमतों में मंदी के आसार समाप्त हो गए हैं। राजस्थान की रामगंजमंडी, बारां एवं कोटा मंडी में करीब 5 हजार बोरी धनिया प्रतिदिन उतरने की खबर है। इसी प्रकार मध्य प्रदेश की मंडियों में भी 5 हजार बोरी तथा गुजरात की मंडियों में 8 हजार बोरी धनिये की दैनिक आवक हो रही है। धनिये में पिसाई वालों एवं निर्यात इकाईयों की डिमांड बरकरार है। इसे देखते हुए नया धनिया आने से पहले इसकी कीमतों में तेजी के संकेत हैं।