एक्सपोर्ट डिमांड निकली तो और महंगा होगा जीरा

मशीनक्लीन बेस्ट जीरा 260, मीडियम 235 रुपए प्रति किलो

जयपुर, 20 मई। किसानों एवं व्यापारियों को इस साल जीरे में अच्छ मुनाफा मिला है। जीरे के भाव वर्तमान में 250 रुपए प्रति किलो के पार निकल गए हैं। जयपुर मंडी में शुक्रवार को मशीनक्लीन बेस्ट जीरा 260 रुपए तथा मीडियम जीरा 230 से 235 रुपए प्रति किलो बेचा जा रहा है। हालांकि ऊंचे भावों से जीरे में 5 से 10 रुपए प्रति किलो की गिरावट आई है। जानकारों के अनुसार जीरे के ये भाव अभी तक के उच्चतम हैं। देश में 70 फीसदी जीरे की फसल मारवाड़ में होती है। आधुनिक तरीके से की गई खेती ने जीरे की पैदावार में भारी इजाफा किया है। हालांकि इस साल जीरे की पैदावार करीब 50 फीसदी ही हुई है। लिहाजा जीरे के भावों में तेजी का रुख देखा जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 60 फीसदी जीरे की खपत घरेलू बाजार में होती है, जबकि 40 प्रतिशत जीरा अमेरिका, कनाड़ा, दक्षिण अमेरिका, चीन और अरब देशों को निर्यात होता है। मारवाड़ की मिट्‌टी ने इस वर्ष जीरे की महक से किसानों के चेहरे खिला दिए हैं। भारत में उत्पादित करीब 70 फीसदी जीरा मारवाड़ में होता है। जीरे की फसल 120 दिन में तैयार हो जाती है। यही कारण है कि जीरे का बुआई रकबा पूर्व वर्षों के मुकाबले लगातार बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय जीरे की डिमांड बढ़ रही है। फिलहाल जीरे में लोकल एवं एक्सपोर्ट डिमांड कमजोर चल रही है। मांग आने पर जीरा और महंगा होने के संकेत मिल रहे हैं।