स्टॉक तंगी से देशी घी ने पकड़ी तेजी की रफ्तार

दो सप्ताह के अंतराल में 400 रुपए प्रति टिन उछला ब्रांडेड घी: रोहित तांबी

जयपुर, 19 नवंबर। कई माह से सुस्त पड़े देशी घी की कीमतों ने अब अचानक तेजी की रफ्तार पकड़ ली है। दिवाली बाद से अब तक यानी दो सप्ताह के अंतराल में ब्रांडेड देशी घी 400 रुपए प्रति 15 किलो टिन तक उछल गया है। देशी घी में तेजी का मुख्य कारण ब्याह-शादियों की डिमांड निकलना बताया जा रहा है। राजधानी कृषि उपज मंडी स्थित अनुज ट्रेडिंग कंपनी के रोहित तांबी ने बताया कि पिछले कई माह से देशी घी की कीमतें निम्न स्तर पर चल रही थी। घाटे के डर से व्यापारियों ने भी घी का स्टॉक नहीं किया। यही कारण रहा कि वर्तमान में ब्रांडेड घी की पाइपलाइन खाली होने से भावों में एक साथ मजबूती आ गई। तांबी ने कहा कि अमूल घी का 15 किलो का टिन शुक्रवार को 6675 रुपए बिक गया। इसी प्रकार महान घी का भाव 6480 रुपए प्रति टिन पर मजबूती लिए हुए था। दिवाली बाद से सरसों तेल में भी 50 रुपए प्रति टिन की तेजी आ चुकी है। सरसों सीड में एक बार फिर मजबूती बनने लगी है। जयपुर मंडी में सरसों मिल डिलीवरी 42 प्रतिशत तेल कंडीशन के भाव उछलकर आज 8650 रुपए प्रति क्विंटल पहुंच गए हैं। अशोका वनस्पति 1795 रुपए प्रति 15 लीटर पर 45 रुपए महंगा बिका। इसी प्रकार अशोका कच्ची घाणी सरसों तेल के भाव उछलकर 2895 रुपए प्रति 15 किलो टिन बोले गए। मूंगफली तेल में भी मजबूती का रुख देखा गया। सोयाबीन रिफाइंड में लगभग स्थिरता रही।