खाने के तेलों में 20 रुपए प्रति लीटर की गिरावट

एक माह में 800 रुपए प्रति क्विंटल टूटी सरसों सीड

जयपुर, 11 जून। उपलब्धता बढ़ने से खाने के तेलों में करीब 15 से 20 रुपए प्रति लीटर की गिरावट आ चुकी है। हालांकि नीचे भावों पर बाजार में पर्याप्त कारोबार नहीं है। सरसों सीड एक माह के दौरान 800 रुपए प्रति क्विंटल टूट गई है। सरसों मिल डिलीवरी 42 प्रतिशत तेल कंडीशन शुक्रवार को 6900 रुपए प्रति क्विंटल रह गई। ऊंचे में यह 7700 रुपए बिक चुकी है। वनस्पति घी, सोयाबीन रिफाइंड, सरसों कच्ची घाणी तेल एवं मूंगफली रिफाइंड के भाव नीचे आना शुरू हो गए हैं। अशोका वनस्पति 1725 रुपए प्रति 15 लीटर बिकने की खबर है। देश की उत्पादक मंडियों में सरसों सीड की दैनिक आवक घटकर आज 3 लाख 65 हजार बोरी बताई गई। सरसों सीड में मंदी के मुकाबले सरसों खल के भावों में नरमी नहीं आ सकी है। सरसों खल प्लांट के भाव 2750 रुपए प्रति क्विंटल बोले जा रहे हैं। जानकारों का कहना है कि सरसों तेल में लंबी मंदी के आसार नहीं हैं। कोरोनाकाल में सरसों तेल की डिमांड को देखते हुए इसकी कीमतों में अब और गिरावट के आसार नहीं लगते। अलबत्ता सोयाबीन रिफाइंड के भाव जरूर टूट सकते हैं। इन दिनों सस्ती नमकीन बनाने वालों में सोया रिफाइंड की डिमांड ज्यादा निकल रही है। जबकि घरों में इसका उपयोग धीरे-धीरे कम होता जा रहा है।