त्योहारी मांग निकली, गोला 10 रुपए प्रति किलो महंगा

थ्री मून गोला छोटा 210, मीडियम क्वालिटी 220 रुपए प्रति किलो

जयपुर, 23 सितंबर। रिटेलर्स की त्योहारी डिमांड निकलने से गोला (सूखा नारियल) एक सप्ताह के अंतराल में 10 रुपए प्रति किलो महंगा हो गया है। दिवाली तक इसमें और मजबूती के आसार हैं। कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने के बाद नारियल पानी की खपत अचानक बढ़ गई थी। परिणामस्वरूप नारियल पानी के भाव भी काफी ऊंचे हो गए थे। कोरोनाकाल में 40 रुपए में मिलने वाला नारियल पानी 80 रुपए तक पहुंच गया था। हालांकि वर्तमान में इसके भाव फिर से नीचे आ गए हैं। यद्दपि सूखा नारियल यानी गोला पर्याप्त मात्रा में मंडियों में नहीं पहुंच रहा है। लिहाजा इसकी कीमतें निरंतर उछल रही हैं। राजधानी कृषि उपज मंडी स्थित कौशिकी एंटरप्राइजेज के नरेन्द्र कुमार गर्ग ने बताया कि राजधानी मंडी में वर्तमान में थ्री मून ब्रांड गोला छोटा 210 रुपए तथा मीडियम क्वालिटी गोला 220 रुपए प्रति किलो बेचा जा रहा है। बता दें नारियल उत्पादन में भारत दुनिया में नंबर वन है। यहां पर 12 तटीय राज्यों में नारियल की खेती होती है। नारियल के पेड़ 80 सालों तक हरे भरे रहते हैं। हाल ही दो सितंबर को विश्व नारियल दिवस भी मनाया गया। गर्ग ने कहा कि किसानों को नारियल पानी के दाम अच्छे मिलने से वे नारियल को सुखा नहीं रहे हैं। लिहाजा बाजार में सूखे नारियल (गोला) की आवक 50 फीसदी घट गई है। किसानों को पानी के नारियल के पर्याप्त भाव मिलने के कारण बाजार में गोले की आवक घट गई है। लिहाजा कहा जा सकता है कि गोले में 10 रुपए प्रति किलो की तेजी और अपेक्षित है।