सोना 40,000 रुपए प्रति 10 ग्राम की नई ऊंचाई पर

चांदी भी तीन साल के उच्चतम स्तर पर

जयपुर, 26 अगस्त। स्थानीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना स्टैंडर्ड तेजी के सारे रिकार्ड तोड़ते हुए 40,000 रुपए प्रति 10 ग्राम की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। सोना स्टैंडर्ड में 500 रुपए की जोरदार तेजी दर्ज की गई। चांदी भी 3साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। जेवराती सोना भी 500 रुपए उछलकर37500 रुपए प्रति 10 ग्राम बोला गया। वापसी सोने के भाव 36000 रुपए बोले जा रहे थे। चांदी (999) में 650 रुपए की तेजी दर्ज की गई। इसके भाव यहां46700 रुपए प्रति किलो पर जा पहुंचे। उधर एमएमटीसी का गोल्ड कॉइन 1420रुपए उछल गया। इसके भाव यहां44990 रुपए प्रति 10 ग्राम बताए गए। जौहरी बाजार स्थित नंदकिशोर मेघराज ज्वैलर्स के आशीष मेघराज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में मजबूती का असर घरेलू कीमतों पर पड़ रहा है। इस बीच रुपया 2019 के अपने निचले स्तर पर पहुंच गया है। इसक असर भी सोने पर देखा जा रहा है। शुरुआती कारोबार में सोने का वायदा भाव 39196 रुपए प्रति10 ग्राम पर पहुंच गया। ज्ञात रहे सोने का वायदा भाव पहली बार इस स्तर पर पहुंचा है। इस साल सोना वायदा में करीब 25प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। चांदी का वायदा भी 1 फीसदी बढ़कर 45058रुपए प्रति किलो पर मजबूती लिए हुए है। यह तीन साल में चांदी का सबसे ज्यादा भाव है। इससे पूर्व 3 अक्टूबर 2016 को चांदी इतनी ऊंचाई पर थी। खंडाका जैन ज्वैलर्स के संतकुमार खंडाका ने बताया कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में मंदे की चिंता का सीधा असर सोने की कीमतों पर देखा जा रहा है। सोने को सुरक्षित निवेश का अच्छा साधन माना जा रहा है। लिहाजा इसकी कीमतें निरंतर उछल रही हैं।