ग्वार गम 6200 रुपए बिका, नई ग्वार इसी माह

इस साल देश में 60 लाख बोरी ग्वार का उत्पादन अनुमान

जयपुर, 5 सितंबर। इस साल देश में कम पैदावार को देखते हुए ग्वार एवं ग्वार गम में तेजी की संभावना जताई जा रही है। हालांकि करीब तीन सप्ताह पूर्व ग्वार गम जोधपुर डिलीवरी के भाव 7000 रुपए प्रति क्विंटल पहुंच गए थे। मगर वर्तमान में ग्वार गम की कीमतें 6200 रुपए प्रति क्विंटल पर दबाव में चल रही हैं। ग्वार गम निर्माता राजेश जैन ने बताया कि उत्पादक मंडियों में नई ग्वार की आवक सितबंर के अंतिम सप्ताह में शुरू हो जाएगी। देश में इस साल 60 लाख बोरी ग्वार उत्पादन का अनुमान है। जयपुर मंडी में जोधपुर डिलीवरी ग्वार सीड हाजिर में शनिवार को 3900 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास बोली जा रही थी। जैन ने कहा कि भाव कम होने से दो-तीन साल से देश में ग्वार की बिजाई कम ही हो रही है, लेकिन घरेलू एवं निर्यात मांग कम होने से ग्वार व ग्वार गम के भावों में अपेक्षित तेजी नहीं आ पा रही है। पिछले दिनों अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें उछलने से ग्वार गम में जोरदार मजबूती आ गई थी। मगर अब निर्यातकों की लिवाली कमजोर पड़ने से फिर से गिरावट देखी जा रही है। जानकारों का कहना है कि तीन वर्ष पहले देश में आमतौर पर एक करोड़ बोरी से ज्यादा ग्वार की पैदावार होती थी। बीते सालों में ग्वार की पैदावार भी निरंतर घटती जा रही है। इसलिए कहा जा सकता है कि ग्वार एवं ग्वार गम में भविष्य मंदे का नहीं है।