बिजाई कम होने से ग्वार उत्पादन 50 फीसदी घटा

निर्यात मांग से 300 रुपए क्विंटल उछला ग्वार गम

जयपुर, 22 अक्टूबर। ग्वार गम में निर्यातकों की मांग निकलने से स्थानीय थोक मंडियों में गुरुवार को ग्वार सीड 100 रुपए उछल गई। जोधपुर डिलीवरी ग्वार के भाव 4075 रुपए बोले गए। इसी प्रकार जोधपुर डिलीवरी ग्वार गम भी 300 रुपए की तेजी के साथ 6600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। जानकारों का कहना है कि इस साल राजस्थान, गुजरात एवं हरियाणा में किसानों ने बाजरे के भाव ऊंचे होने से ग्वार की बिजाई कम की थी। इस बीच ग्वार गम के भाव अंतरराष्ट्रीय बाजारों में घरेलू मंडियों की अपेक्षा ऊंचे होने से अक्टूबर-नवंबर शिपमेंट के निर्यात सौदे भी भारतीय बंदरगाहों से ज्यादा होने लगे हैं। यही कारण है कि आगे चलकर ग्वार गम की शॉरटेज बनने की संभावना है। व्यापारियों के अनुसार इस बार बिजाई कम होने से देश में 35 लाख बोरी ग्वार उत्पादन का ही अनुमान है। जबकि तीन वर्ष पूर्व देश की उत्पादक मंडियों में 75 लाख बोरी ग्वार की पैदावार हुई थी। इस प्रकार ग्वार के भाव निरंतर टूटने से उत्पादन में करीब 50 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। जानकार बताते हैं कि पैदावार कम होने से धीरे-धीरे ग्वार का स्टॉक समाप्त होता जा रहा है। दूसरी ओर विदेशों में ग्वार गम की निर्यात मांग निकलने लगी है। लिहाजा कहा जा सकता है कि ग्वार एवं ग्वार गम में मंदी के आसार नहीं के बराबर हैं।