पौल्ट्री फार्म्स में 75 फीसदी घटी मक्का की डिमांड

जयपुर, 20 अप्रैल। बंगाल, बिहार, असम, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं गुजरात में इन दिनों नई मक्का की आवक प्रतिदिन एक लाख बोरी के आसपास हो रही है। उठाव नहीं होने से इसके भाव निरंतर टूट रहे हैं। एक माह के दौरान मक्का 300 रुपए प्रति क्विंटल सस्ती हो गई है। जयपुर डिलीवरी मक्का की कीमतें वर्तमान में 1560 रुपए, जबकि मंडियों में लूज मक्का के भाव 1350 से 1400 रुपए प्रति क्विंटल बोले जा रहे हैं। राजधानी कृषि उपज मंडी स्थित ब्रोकर विजय माहेश्वरी ने बताया कि देश में लॉकडाउन के कारण मक्का की डिमांड 40 फीसदी भी नहीं है। पौल्ट्री फार्म्स में मक्का की लिवाली 75 प्रतिशत घट गई है। माहेश्वरी ने बताया कि स्टॉर्च कंपनियों में उत्पादन कम होने से मक्का की लिवाली काफी कमजोर है। इसे देखते हुए मक्का में अभी और मंदी के आसार व्यक्त किए जा रहे हैं। इस बीच पंजाब सरकार ने राज्य के किसानों को धान की जगह मक्के और कपास की खेती के लिए प्रोत्साहित करने की योजना बनाई है। सरकार किसानों से अनुरोध कर रही है कि वे खरीफ सत्र में अगली फसल के लिए मक्के या कपास की खेती करें। मक्के का मौजूदा न्यूतम समर्थन मूल्य 1760 रुपए प्रति क्विंटल है।