नीचे आने लगे मक्का के भाव

बिहार में तीन लाख बोरी की दैनिक 

1960 रुपए प्रति क्विंटल में हुए जयपुर डिलीवरी सौदे

जयपुर, 26 मई। बिहार की मंडियों में आवक बढ़ने से इन दिनों मक्का की कीमतें निरंतर उतार पर हैं। वर्तमान में जयपुर डिलीवरी मक्का के भाव 1960 रुपए प्रति क्विंटल रह गए हैं, जबकि बिहार की मंडियों में लूज मक्का 1725 से 1750 रुपए प्रति क्विंटल बिकने की खबर है। बिहार की मोतिहारी, खगड़िया, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सुपोल, सहरसा तथा गुलाबबाग आदि मंडियों में प्रतिदिन ढ़ाई से तीन लाख बोरी मक्का उतरने के समाचार हैं। आमद बढ़ने के साथ ही मक्का के भाव नीचे आ रहे हैं। राजधानी कृषि उपज मंडी में ब्रोकर विजय माहेश्वरी ने बताया कि बिहार की नौगछिया आदि मंडियों से साउथ के लिए मक्का की पांच-छह रैक रोजाना लोड़ हो रही हैं।

उधर उत्तर प्रदेश की कन्नौज, मैनपुरी तथा एटा आदि मंडियों में नई मक्का की आवक पांच जून से प्रारंभ हो जाएगी। पंजाब में नई मक्का की आमदनी 15 जून से शुरू होने की संभावना है। राजस्थान की नई मक्का अक्टूबर से पहले नहीं आएगी। बता दें करीब दो माह पूर्व जयपुर डिलीवरी मक्का 2300 से 2350 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक चुकी है। देश की विभिन्न उत्पादक मंडियों में नई मक्का आने से इसकी कीमतों में लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है। जानकारों का कहना है कि मक्का में अभी 80 से 100 रुपए प्रति क्विंटल और निकल सकते हैं। यानी जयपुर डिलीवरी मक्का के भाव 1875 रुपए प्रति क्विंटल से नीचे आने की संभावना नहीं के बराबर है। चूंकि पाइपलाइन खाली है तथा स्टार्च कंपनियों एवं पौल्ट्री फार्म्स में मक्का की डिमांड निरंतर बनी हुई है। इसलिए कहा जा सकता है कि मक्का में और लंबी मंदी के आसार नहीं हैं। वर्तमान में अजमेर डिलीवरी मक्का 1975 रुपए तथा हरियाणा डिलीवरी मक्का की कीमतें 2040 रुपए प्रति क्विंटल चल रही हैं। उधर यूक्रेन से भी मक्का के आयात सौदे होने की खबर है।