आवक बढ़ने से मक्का में 200 रुपए की गिरावट

  • राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में प्रतिदिन 55 हजार बोरी की आमद

जयपुर, 18 अक्टूबर। राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में नई मक्का की आवक बढ़ने से इन दिनों मक्के की कीमतों में गिरावट का रुख देखा जा रहा है। बीते दो सप्ताह के दौरान मक्का में करीब 200 रुपए प्रति क्विंटल निकल गए हैं। जयपुर मंडी में मध्य प्रदेश तथा राजस्थान की मक्का के भाव 2050 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास बोले जा रहे हैं। राजस्थान की भीलवाड़ा, कोटा, बूंदी एवं निम्बाहेड़ा आदि मंडियों में प्रतिदिन करीब 25 हजार बोरी मक्का आ रही है। इसी प्रकार मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा, अमरवाड़ा, खंडवा एवं धामनोद आदि मंडियों में रोजाना करीब 30 हजार बोरी मक्का की आवक होने के समाचार हैं।

जयपुर में राजधानी कृषि उपज मंडी स्थित ब्रोकर विजय माहेश्वरी ने बताया कि हालांकि राजस्थान व मध्य प्रदेश में मक्के की आवक अभी फुल प्रैशर से नहीं हुई है। जैसे ही आमद बढ़ेगी मक्का के भावों में 50 से 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट और आ सकती है। बिहार में मक्का की छिटपुट आवक ही हो रही है। हरियाणा एवं पंजाब डिलीवरी मक्का के भाव वर्तमान में 2125 से 2150 रुपए प्रति क्विंटल बताए जा रहे हैं। माहेश्वरी के अनुसार इन दिनों पौल्ट्री एवं स्टार्च कारखानों में मक्का की डिमांड अपेक्षाकृत कमजोर है। ज्ञात हो देश में कुल मक्का का लगभग 47 फीसदी इस्तेमाल पौल्ट्री फीड में होता है। भारत में पौल्ट्री इंडस्ट्रीज का कुल कारोबार 90 हजार करोड़ रुपए का है।

उधर पिछले दिनों बिनौला खल के भाव उछलने से पशु पालकों में मक्का खली की डिमांड तेजी से बढ़ी है। हालांकि वर्तमान में बिनौला खल टूटकर 3250 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास रह गई है। जबकि अलवर एक्स प्लांट मक्का खल के भाव 3200 रुपए प्रति क्विंटल के करीब स्थिर बने हुए हैं। थोक बाजार भाव इस प्रकार रहे:-

आटा (50 किलो) संस्कार 1320,नमस्कार 1371, सारथी 1321 रुपए जीएसटी पेड। बेसन (50 किलो)लकड़ाजी 2950, सारथी 2900 रुपए। संस्कार 1450, अरावली 1475 रुपए प्रति 25 किलो। लहर एगमार्क मसाले-हल्दी 150, मिर्च 170, धनिया 140 रुपए प्रति किलो। मधुबाला अजवायन 180,मधुबाला पोस्तदाना 1100, मधुबाला लौंग650, पोहा लाल गणेश 46, मधुबाला45 रुपए प्रति किलो।