खेतों में सरसों की नई क्रॉप पककर तैयार

 

प्रतिदिन पांच हजार बोरी की आवक

जयपुर, 4 फरवरी। देश की उत्पादक मंडियों में सरसों की नई क्रॉप पककर तैयार हो गई है। कई उत्पादन केन्द्रों पर नमीयुक्त सरसों आने भी लगी है। उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान की मंडियों में करीब पांच हजार बोरी नई सरसों प्रतिदिन उतर रही है। इसके लूज भाव 3400 से 3800रुपए प्रति क्विंटल तक बोले जा रहे हैं। नई सरसों में 20 से 22 फीसदी नमी आ रही है। मौसम अनुकूल रहा तो नई सरसों का आवक दबाव 15 फरवरी बाद बनने की संभावना है। राजस्थान की गंगापुर सिटी, मंडावरी, अलवर एवं लालसोट में दो हजार बोरी सरसों की दैनिक आवक हो रही है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश की खैर,वसना, डिवाई, हसनपुर, चंदौरी, बहजोई,बुलंदशहर, अनूपशहर, हरदुआगंज एवं गुरुवही आदि मंडियों में भी रोजाना लगभग तीन हजार बोरी सरसों की आमद होने के समाचार हैं। गौरतलब है कि देश में गत वर्ष सरसों की बिजाई 69.45 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में हुई थी, जो कि इस बार भी लगभग बराबर ही यानी 69.25 लाख हैक्टेयर में हुई है। वर्तमान में सरसों तेलकी डिमांड कमजोर चल रही है। सरसोंमिल डिलीवरी 42 प्रतिशत तेल कंडीशनके भाव मंगलवार को 4375 रुपए प्रतिक्विंटल के आसपास बोले गए।

रबी तिलहन सेमिनार दिल्ली में 14मार्च से

उधर तिलहन और तेल व्यापार एवं उद्योग विषय पर 41वां अखिल भारतीय रबी तिलहन सेमिनार 14 एवं 15 मार्च को दिल्ली में आयोजित होगा। मस्टर्ड ऑयल प्रॉड्यूशर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बाबूलाल डाटा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश भर से तेल तिलहन व्यापार से जुड़े व्यापारी, ऑयल मिलर्स, ट्रेडर्स, किसान,ब्रोकर, वैज्ञानिक, तेल मशीनरी के विक्रेता एवं सरकारी अधिकारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। सेमिनार में सरसों सीड की पैदावार कितनी होगी, इसके अनुमानित आंकड़े भी राज्यवार प्रस्तुत किए जाएंगे।