राज्य में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा : सचिन पायलट

विकास के नाम पर जनता को छल रही है भाजपा

जयपुर, 1 जून। प्रदेश में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा हो चुकी है, राजधानी में आई एक दिन की बारिश से सडक़ों के धंसने का सिलसिला शुरू हो गया है, जिससे पता चलता है कि करोड़ों रुपए के विकास के नाम पर जनता को छला जा रहा है।राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने बाड़मेर जिले की विधानसभा क्षेत्र पचपदरा में आयोजित मेरा बूथ-मेरा गौरव कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए ये बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश व प्रदेश में जिस जिम्मेदारी के साथ विपक्ष की भूमिका निभा रही है, उसके परिणामस्वरूप धनबल व बाहुबल भी भाजपा के किसी काम नहीं आ रहा है। देश व प्रदेश में हुए उप चुनावों में भाजपा की लगातार हो रही हार से साफ पता चलता है कि भाजपा सरकार ने देश की जनता को निराशा के अलावा कुछ नहीं दिया है। वादा खिलाफी पर उतरी भाजपा का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता व नेता संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि किसान की मौत के पीछे मुआवजा प्राप्त करने को कारण बताकर धरती पुत्र का अपमान किया जा रहा है,  वहीं दूसरी ओर भाजपा के एक विधायक ने लोगों को तस्करी करने की सलाह तक दे डाली है।

पायलट ने कहा कि भाजपा के राज में हजारों गायों ने बिना चारे, पानी व ईलाज के दम तोड़ा है और राजधानी में करीब 400 मंदिर ध्वस्त कर दिए गए हैं।कार्यक्रम को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं राजस्थान सहप्रभारी विवेक बंसल सहित अनेक प्रमुख कांग्रेस नेताओं ने सम्बोधित किया।