एक करोड़ व्यापारियों को संजीवनी मिलेगी

उद्योग व्यापार मंडल ने जताया केन्द्र सरकार का आभार

जयपुर, 25 अप्रैल। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय वरिष्ठ अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने आवश्यक वस्तुओं के साथ अन्य वस्तुओं की दुकानों को सशर्त खोलने के आदेश दिए जाने पर केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे देश के उन एक करोड़ व्यापारियों को संजीवनी मिल गई है, जो अपनी 50 से 60 हजार रुपए की कार्यशील पूंजी से दुकानें चलाते हैं। तथा इसमें भी दो आदमियों को रोजगार देते हैं। उनके पास अब दैनिक खर्च के लिए भी पैसा नहीं बचा था। यह स्वाभिमानी व्यापारी न तो किसी प्रकार की राजकीय सहायता लेता है और न ही किसी दानदाता द्वारा दिया हुआ उपहार स्वीकार करता है।

गुप्ता ने कहा कि गांव व कस्बों में छोटी-छोटी रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता नहीं होने के कारण ग्रामीण और कस्बाई लोग इससे परेशान थे। किसान भी खेती से संबंधित वस्तुएं नहीं मिलने के कारण दिक्कत महसूस कर रहा था। इन दुकानों के खुलने के कारण उनकी समस्याओं का समाधान हो सकेगा। देश की करीब 66 फीसदी आबादी गांवों में रहती है, वह लाभान्वित हो सकेगी।