इस साल महंगे हो सकते हैं खाने के तेल

ऊंची ड्यूटी के चलते घटेगा खाद्य तेल आयात

जयपुर, 25 मई। देश में इस साल खाने के तेल महंगे हो सकते हैं। इसके कई कारण हैं। 1. इस वर्ष खाद्य तेलों का आयात घट सकता है। 2. वर्किंग कैपिटल की कमी, रुपए में आती निरंतर कमजोरी और पाम तेल पर ऊंची ड्यूटी की वजह से खाद्य तेल आयात इस साल गिर सकता है। इसका असर देश में खाद्य तेल की कीमतों पर प्रभावी रूप से पड़ेगा। गौरतलब है कि पहले बैंक वर्किंग कैपिटल चुकाने के लिए 120 दिन के निर्धारित समय के अलावा खाद्य तेल आयातकों को अतिरिक्त 60 से 90 दिनों का समय और देते थे। पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के बाद यह पूरी तरह से बंद हो गया है। इसके अलावा बैंकों ने इस क्षेत्र को लोन देना कम कर दिया है। ज्ञात हो पाम तेल देश में सबसे ज्यादा खपत वाला खाद्य तेल है। देश में वनस्पति तेल के कुल आयात में इसकी 63 फीसदी हिस्सेदारी है। हाल ही मार्च में सरकार ने कच्चे पाम तेल पर आयात शुल्क 30 से बढ़ाकर 44प्रतिशत और पाम तेल पर ड्यूटी 40 से बढ़ाकर 54 फीसदी कर दी थी। इससे सोया तेल एवं पाम तेल की कीमतों में बहुत कम फर्क रह गया है।