दालों में जोरदार उछाल, एक सप्ताह में 25 फीसदी बढ़ी कीमतें

खुदरा में उड़द का मोगर अब 125 रुपए प्रति किलो के पार

जयपुर, 5 नवंबर। गरीब की थाली से अब दाल फिर गायब होने लगी है। रेस्टोरेंट्स में तड़के में प्रमुख रूप से काम आने वाली उड़द की दाल का स्थान फिर से चना दाल ने ले लिया है। दालों की कीमतों में इन दिनों लगातार मजबूती का रुख बना हुआ है। बारिश में उड़द व मूंग की फसल दागी होने से उड़द व मूंग की दाल में जोरदार तेजी दर्ज की गई है। उड़द की दाल एक सप्ताह के दौरान करीब 25 फीसदी महंगी हो गई है। इसी प्रकार मूंग मोगर के भाव भी 20 प्रतिशत तक उछल गए हैं। खेरुज में उड़द का बढ़िया मोगर 125 रुपए प्रति किलो के पार निकल गया है। जानकारों का कहना है कि वर्तमान में मुंबई एवं चेन्नई में उड़द व मूंग दाल की खरीदारी जोरों पर बनी हुई है। ब्रोकर कांति कुमार ने बताया कि जयपुर मंडी में साबुत उड़द के भाव 80 रुपए प्रति किलो थोक में पहुंच गए हैं। उत्पादन कम होने से चौला व चौला मोगर में भी तेजी निरंतर जारी है। मानसरोवर में गृहलक्ष्मी डिपॉर्टमेंटल के विकास गुप्ता ने बताया कि आमतौर पर 50 से 60 रुपए किलो बिकने वाला चौला मोगर वर्तमान में 30 रुपए बढ़कर 90 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। ज्ञात हो पैकिंग की हुई ब्रांडेड दालों के भाव और भी ज्यादा बोले जा रहे हैं।

विभिन्न दालों के खुदरा भाव

दालें          कीमतें

उड़द मोगर     115 से 126

उड़द छिलका   110 से 115

मूंग मोगर     100 से 105

मूंग छिलका    92 से 95

अरहर दाल     95 से 100

चौला मोगर    90 से 92

चना दाल      65 से 68

मलका मसूर    65 से 67

(औसत भाव रुपए प्रति किलो में)