स्माल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स एसोसिएशन ने दिया जन संपर्क आयुक्त को ज्ञापन

जयपुर, 30 मई।

एसोसिएशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स ऑफ इंडिया की राजस्थान शाखा ने जयपुर में प्रदेश के नवनियुक्त सूचना और जनसंपर्क आयुक्त डॉ राजेश शर्मा को ज्ञापन सौंपकर लघु और मझौले समाचार पत्रों की समस्याओं का निराकरण करने का आग्रह किया। एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री आशा पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने इस सिलसिले में जनसंपर्क निदेशालय में सूचना और जनसंपर्क आयुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि लंबे समय से लघु और मझौले समाचार पत्र अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं और राज्य सरकार की तरफ से भी उनके प्रति उपेक्षा और उदासीनता का भाव अपनाया जा रहा है, जिससे समस्याएं और बढ़ती जा रही हैं। एसोसिएशन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डा. अनन्त शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्याम माथुर एवं जयपुर

प्रभारी सुश्री अमृता मौर्य ने सूचना और जनसंपर्क आयुक्त को बताया कि प्रदेश के छोटे और मध्यम समाचार पत्रों को सूचना और जनसंपर्क निदेशालय की ओर से नियमित तौर पर विज्ञापन जारी नहीं किए जा रहे हैं। ज्यादातर विज्ञापन बड़े मीडिया घरानों को दिए जा रहे हैं, जबकि छोटे और मध्यम समाचार पत्रों का भी अपना एक विशाल पाठक वर्ग है।उन्होंने बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है कि सूचना और जनसंपर्क निदेशालय की विभिन्न समितियों में लघु और मध्यम समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों को कोई स्थान नहीं दिया गया है, जबकि पूर्व में सूचना और जनसंपर्क निदेशालय की समितियों मे एसोसिएशन के नामित सदस्यों को स्थान दिया जाता रहा है।

सूचना और जनसंपर्क आयुक्त डॉ राजेश शर्मा ने एसोसिएशन की मांगों पर यथोचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने इस मौके परएसोसिएशन का स्मृति चिन्ह भेट कर आयुक्त को सम्मानित किया।