चीनी का उत्पादन 283 लाख टन, भावों में 70 रुपए की गिरावट

लोकल डिमांड कमजोर होने से गुड़ की सभी किस्मों के भाव नरम

जयपुर, 22 मार्च। होली की ग्राहकी समाप्त होने के बाद चीनी में गिरावट का रुख देखा जा रहा है। इस वर्ष चीनी का उत्पादन अनुमान 283 लाख टन के पार जाने से भी चीनी की कीमतों में नरमी का वातावरण बना हुआ है। जयपुर मंडी में मंगलवार को हाजिर चीनी 3660 से 3821 रुपए प्रति क्विंटल पर 70 रुपए मंदी बिकी। महेश कुमार एंड कंपनी के महेश अग्रवाल ने बताया कि बीते सप्ताह चीनी मिलों की संस्था इस्मा ने चीनी का उत्पादन अनुमान 283.26 लाख टन लगाया है। वहीं होली की मांग समाप्त हो जाने से अधिकांश मिलों ने चीनी के भाव घटाकर व्यापार किया। गुड़ में लोकल डिमांड कमजोर होने से गुड़ की सभी किस्मों के भाव घटाकर बोले जा रहे थे। स्थानीय सूरजपोल मंडी में ढैया गुड़ 3000 से 3250 रुपए प्रति क्विंटल थोक में बेचा गया। इस बीच किराना एवं ड्राई फ्रूट मार्केट में गोला, खोपरा पाउडर, केसर एवं किशमिश के भाव पूर्व स्तर पर स्थिर बने हुए थे। बेबी केसर की कीमतें 178 रुपए प्रति ग्राम पर एक सप्ताह से स्थिर चल रही हैं। मंगल खोपरा पाउडर 4650 रुपए तथा ओमशक्ति 4400 रुपए प्रति 25 किलो पर नरमी लिए हुए थे। दीपा ब्रांड गोला 225 रुपए प्रति किलो बेचा गया। जानकारों के मुताबिक मार्च क्लोजिंग के चलते बाजार में कामकाज कमजोर चल रहा है।