सटोरिया बिकवाली से ग्वार गम में जोरदार गिरावट

उत्पादक मंडियों में 35 हजार बोरी ग्वार की आवक

जयपुर, 23 नवंबर। सटोरिया बिकवाली के चलते इन दिनों ग्वार एवं ग्वार गम में जोरदार गिरावट देखी जा रही है। पिछले एक-डेढ़ सप्ताह के दौरान जोधपुर डिलीवरी ग्वार गम में लगभग 1000 रुपए प्रति क्विंटल निकल गए। जयपुर मंडी में शुक्रवार को हाजिर में ग्वार गम का भाव 9150 रुपए प्रति क्विंटल बोला गया। जोधपुर डिलीवरी ग्वार सीड की कीमतें 4300 से 4400 रुपए प्रति क्विंटल बोली जा रही थीं। अतिशय कमोडिटीज के विकास पाटनी कहते हैं कि एनसीडैक्स पर प्रतिदिन हो रही उठापटक के कारण ही हाजिर में ग्वार गम के भाव प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि ग्वार व ग्वार गम में अब और मंदी के आसार नहीं हैं। राजस्थान एवं गुजरात की उत्पादक मंडियों में रोजाना 35 हजार बोरी ग्वार की आवक होने के समाचार हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट तथा औद्योगिक मांग घटने से भी ग्वार गम के भावों में मंदी को बल मिला है। जानकारों का कहना है कि सटोरिया बिकवाली के चलते एनसीडैक्स पर ग्वार गम नवंबर डिलीवरी में नरमी का रुख रहा। सूत्रों के अनुसार वर्तमान में चालू सीजन के दौरान उत्पादन कमजोर होने की आशंका के कारण ग्वार की कीमतें भविष्य में मजबूत होने की उम्मीद है तथा एक्सपोर्ट डिमांड बढ़ने की भी संभावना है।