बारिश होने से पशु आहार जिंसों की डिमांड कमजोर

एक सप्ताह के अंतराल में बिनौला खल 150 रुपए प्रति क्विंटल टूटी

जयपुर, 7 जुलाई। हरे चारे की उपलब्धता बढ़ने से इन दिनों पशु आहार जिंसों में ग्राहकी काफी कमजोर बताई जा रही है। लिहाजा बिनौला खल एक सप्ताह के अंतराल में 150 रुपए मंदी होकर 3550 से 3850 रुपए प्रति क्विंटल बिकने की खबर है। हालांकि सरसों खल की कीमतों में काफी गिरावट के बाद आज फिर से मजबूती का रुख देखा जा रहा है। एस.के. एंटरप्राइजेज के सुरेश खंडेलवाल ने बताया कि सरसों खल प्लांट के भाव जयपुर मंडी में गुरुवार को 2625 से 2675 रुपए प्रति क्विंटल पर 25 से 50 रुपए सुधर गए। उधर कांडला पोर्ट पर सरसों डीओसी के भाव 20,000 रुपए प्रति टन बोले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक बारिश होने के कारण सभी जगह हरे की उपलब्धता बढ़ गई है। इसके चलते पशु पालकों की मांग पशु आहार जिंसों में लगातार घटती जा रही है। यही कारण रहा कि बिनौला खल, सरसों खल तथा अन्य पशु आहार जिंसों के भाव घटाकर बोले जा रहे हैं। सरसों सीड में आई गिरावट के कारण भी सरसों खल में मंदी को बल मिला है। जानकारों का कहना है कि इस साल चालू सीजन के दौरान देश में सरसों का उत्पादन 111 लाख टन के आसपास होने की संभावना व्यक्त की गई थी। जबकि पूर्व वर्ष में 86 लाख टन सरसों पैदा हुई थी। उत्पादन अधिक होने के बावजूद देश की विभिन्न मंडियों में सरसों की आवक का दबाव नहीं बन पा रहा है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में खाने के तेल सस्ते हुए हैं।