बिकवाली दबाव से मक्का 150 रुपए प्रति क्विंटल टूटी

जयपुर मंडी में मंगलवार को मक्का 2325 रुपए बिकी

बिहार की नई मक्का 15 मार्च तक बाजार में

जयपुर, 31 जनवरीबिहार में इस बार मक्का की बिजाई डेढ़ गुना होने के समाचार मिल रहे हैं। इसके अलावा व्यापारियों के पास मक्की का स्टॉक भी भरपूर है। स्टॉकिस्ट भी मक्का की निरंतर बिकवाली कर रहे हैं। यही कारण है कि एक से डेढ़ सप्ताह के अंतराल में मक्का की कीमतें 150 रुपए प्रति क्विंटल टूट गई हैं। जयपुर मंडी में मंगलवार को मक्का के भाव घटकर 2325 रुपए प्रति क्विंटल पर आ थमे हैं। गौरतलब है कि रबी सीजन में मक्का बिजाई का सामान्य क्षेत्र 19.17 लाख हैक्टेयर माना जाता है, जबकि फसल वर्ष 2022-23 में 13 जनवरी तक 19.95 लाख हैक्टेयर में मक्का की बिजाई हो चुकी है। जो कि वर्ष 2021-22 की इसी अवधि से 3.48 लाख हैक्टेयर अधिक है। हालांकि अभी मक्का की बिजाई पूरी नहीं हुई है। अंतिम रिपोर्ट आना बाकी है। बंपर बिजाई की वजह मक्का की कीमतें ऊंची होना माना जा रहा है। मंडियों में 1 अक्टूबर 2022 से 9 जनवरी 2023 के दौरान देश में मक्का की आवक सालाना आधार पर 1.84 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 29.05 लाख टन दर्ज की गई थी। इसके बावजूद मक्की का दाम ओपन मार्केट में एमएसपी से ऊपर ही बना हुआ है। राजधानी कृषि उपज मंडी कूकरखेड़ा स्थित ब्रोकर विजय माहेश्वरी ने बताया कि बिहार की नई मक्का 15 मार्च तक बाजार में आ जाएगी। इसी प्रकार असम की नई मक्का की आवक फरवरी के अंतिम सप्ताह में होने की संभावना है। माहेश्वरी ने कहा कि मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र में मक्का की सैकंड क्रॉप 15 फरवरी बाद मंडियों में पहुंचने का अनुमान है। इसके अलावा गोदामों में फिलहाल 40 फीसदी मक्की का स्टॉक पड़ा हुआ है। इसे देखते हुए मक्का में आने वाले समय में तेजी के आसार समाप्त हो गए हैं। मार्च-अप्रैल तक मक्का में 200 रुपए प्रति क्विंटल और निकल सकते हैं। ऐसा अनुमान व्यापारिक क्षेत्रों में व्यक्त किया जा रहा है।