रिटेल में 25 रुपए प्रति किलो बिकने लगा

सूखे की स्थिति को देखते हुए फिर महंगा हुआ प्याज

जयपुर, 12 जुलाई। प्याज उत्पादक राज्यों में सूखे जैसी स्थिति को देखते हुए इन दिनों प्याज की कीमतों में तेजी का रुख देखा जा रहा है। प्याज में अचानक पांच रुपए प्रति किलो की मजबूती दर्ज की गई है। रिटेल में प्याज 25 रुपए प्रति किलो बिकने लगा है। एशिया में प्याज की सबसे बड़ी थोक मंडी महाराष्ट्र के लासलगांव में इसका थोक बिल्टीकट भाव 5 रूपए उछलकर 14 रुपए प्रति किलो के आसपास पहुंच गया है। पिछले साल इन्हीं दिनों वहां पर प्याज के भाव थोक में 9रुपए प्रति किलो के आसपास थे।

जयपुर की थोक फल सब्जी मंडी मुहाना में गुरुवार को प्याज का थोक भाव 9 से17 रुपए प्रति किलो खर्चा अलग बोला गया। मंडी में गणेश आलू भंडार के संचालक हेमंत नेभनानी ने बताया किहालांकि खपत की मंडियों में इन दिनों 70फीसदी प्याज राजस्थान का ही आ रहा है। मुहाना मंडी में रोजाना 35 से 40 गाडी प्याज उतर रहा है। नया प्याज सितंबर से पहले नहीं आएगा। अभी स्टॉक का ही माल बाजार में आ रहा है। जानकारों का कहना है कि बारिश में कमी रही तो थोक में प्याज के भाव 20 से 22 रुपए प्रति किलो या ऊंचे भी जा सकते हैं। इस प्रकार रिटेल में प्याज 30 रुपए प्रति किलो बिकने के संकेत हैं।