स्टॉक तंगी से मूंग एवं इसकी दाल में जोरदार उछाल

थोक में मूंग का मोगर 110, छिलका दाल 100 रुपए प्रति किलो

जयपुर, 31 मार्च। स्टॉक तंगी के चलते स्थानीय थोक मंडियों में मूंग और महंगा हो गया है। जयपुर मंडी में शुक्रवार को साबुत मूंग के भाव उछलकर 90 रुपए प्रति किलो थोक में पहुंच गए हैं। इसी प्रकार मूंग मोगर 110 रुपए तथा मूंग छिलका दाल 100 से 105 रुपए प्रति किलो होलसेल में बिक रही है। मूंग व इसकी दाल में दो-तीन सप्ताह के अंतराल में 10 रुपए प्रति किलो तेजी दर्ज की गई है। त्रिवेणी ब्रोकर्स के बजरंग शर्मा ने बताया कि आंध्र प्रदेश की नई मूंग आ रही है, लेकिन उसका पड़ता यहां नहीं लग रहा है। यही कारण है कि राजस्थानी मूंग के भाव निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। मध्य प्रदेश की पुरानी मूंग समाप्ति की ओर है। मूंग की नई फसल आंध्र प्रदेश से आ रही है। इधर राजस्थान में खाटू लाइन की मूंग की आवक नगण्य हो गई है। देखा जाए तो इन दिनों मूंग की शॉर्टेज बन गई है। लिहाजा मूंग दाल में और मजबूती के आसार व्यक्त किए जा रहे हैं। इस बीच कृषि मंत्रालय ने अग्रिम अनुमानों में मोटे अनाज के उत्पादन में बढ़ोतरी की सराहना करते हुए आशा जताई की आने वाले सालों में मोटे अनाज के उत्पादन और प्रयोग में और ज्यादा वृद्धि होगी। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मोटे अनाज के वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की थी। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोटे  अनाज को श्री अन्न का नाम दिया है। इस बीच देश में मूंग का उत्पादन 35.45 लाख टन के नए रिकार्ड पर पहुंचने के आसार हैं। पिछले साल की तुलना में यह 3.80 लाख टन अधिक है। वर्ष 2022-23 के दौरान देश में कुल दलहन उत्पादन 278.10 लाख टन हुआ था। इस वर्ष इससे भी अधिक पैदावार होने का अनुमान है।