प्रॉडक्शन सेंटर्स पर बारिश होने से गुड़ का उत्पादन प्रभावित

रिटेल काउंटरों पर गुड़ के भाव 45 से 55 रुपए प्रति किलो  

जयपुर, 19 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के उत्पादन केन्द्रों पर नया गुड़ आना शुरू हो गया है। प्रॉडक्शन सेंटर्स पर इन दिनों बारिश के चलते गुड़ बनना अभी पूरी तरह से प्रारंभ नहीं हुआ है। स्थानीय थोक बाजारों में भी नया गुड़ आने लगा है। भावों में भी कुछ गिरावट दर्ज की गई है। थोक में गुड़ ढैया 37 से 40 रुपए तथा लड्‌डू गुड़ 38 से 41 रुपए प्रति किलो तक बेचा जा रहा है। बारिश के कारण इन दिनों गुड़ का उत्पादन प्रभावित हुआ है। रिटेल में गुड़ के भाव 45 से 55 रुपए प्रति किलो के आसपास चल रहे हैं। जानकारों का कहना है कि इस बार सर्दियों में गुड़ की मिठास कुछ महंगी बनी रहेगी। दिवाली पर गुड़ की डिमांड अच्छी बनी रहने की उम्मीद है। इसे देखते हुए नवंबर के पहले सप्ताह तक गुड़ की कीमतों में राहत मिलने के आसार बहुत कम हैं। बता दें दुनिया भर में सबसे अधिक गुड़ का उत्पादन भारत में होता है। भारत दुनिया में कुल उत्पादन का करीब 60 फीसदी गुड़ तैयार करता है। हालांकि निर्यात के मामले में ब्राजील सबसे आगे है। दुनिया में गुड़ के सबसे बड़े आयातक यूएसए, चीन एवं इंडोनेशिया हैं। भारत में 80 फीसदी गुड़ सिर्फ चार राज्यों उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु में तैयार होता है। भारत से गुड़ श्रीलंका, नेपाल तथा इंडोनेशिया को निर्यात होता है। इस बीच चीनी की कीमतों में एक बार फिर से गिरावट देखी जा रही है। सूरजपोल मंडी में मंगलवार को हाजिर चीनी 3960 से 4100 रुपए प्रति क्विंटल जीएसटी पेड पर मंदी बोली जा रही थी।