ऑनलाइन कमोडिटी में उठापटक जारी, थोक मंडियों में कारोबार बंद

दिनों दिन बढ़ रहा कोरोना का डर

जयपुर, 23 मार्च कोरोना वायरस का डर दिनों दिन बढ़ता जा रहा है, जिससे ऑनलाइन कमोडिटी मार्केट में खासी उठापटक देखने को मिल रही है। हालांकि अच्छे ग्लोबल संकेतों से एनसीडैक्स पर एग्री कमोडिटी में खरीदारी दिख रही है। दूसरी ओर राजस्थान की थोक मंडियां बंद होने से हाजिर कमोडिटी बाजार में कोई हलचल नहीं है। कोरोना के चलते राज्य की कृषि उपज मंडियों में सन्नाटा छाया हुआ है। कहीं कोई कामकाज नहीं है। राजधानी कृषि उपज मंडी कूकरखेड़ा, सूरजपोल मंडी तथा दीनानाथ की गली की स्थित ड्राई फ्रूट मार्केट में प्रतिष्ठानों के शटर बंद रहे। एनसीडैक्स पर मक्का निचले स्तर पर कारोबार कर रही है। हाजिर में मक्का के भाव 1580 से 1600 रुपए प्रति क्विंटल चल रहे हैं। दो सप्ताह पूर्व हाजिर में मक्का 1700 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास बिकी थी।

बिहार व बंगाल में मक्का की नई फसल तैयार

राजधानी कृषि उपज मंडी स्थित ब्रोकर विजय माहेश्वरी ने बताया कि बिहार व बंगाल में नई मक्का की फसल तैयार खड़ी है। इसकी आवक 10 दिन बाद शुरू हो जाएगी। असम की नई मक्का मंडियों में आना प्रारंभ हो गया है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में मक्का की सैंकड क्रॉप भी दो सप्ताह बाद मंडियों में आने की संभावना है। माहेश्वरी ने बताया कि कोरोना के चलते पौल्ट्री उद्योग में मक्का की डिमांड लगभग समाप्त हो गई है। इसी प्रकार स्टॉर्च कंपनियों की लिवाली भी मक्का में नहीं दिख रही है। इसे देखते हुए मक्का में खासी गिरावट की संभावना जताई जा रही है। उधर कॉटन में भी बिकवाली का दबाव बना हुआ है। एमसीएक्स पर कॉटन में लोअर सर्किट लगा है, जबकि सीबॉट सोयाबीन 10 दिन की ऊंचाई पर है।

कच्चा तेल चार साल के निचले स्तर पर

इस बीच यूएस क्रूड 17 साल के निचले स्तर पर है। कच्चा तेल भी चार साल के निम्न स्तर पर चल रहा है। कोरोना संकट के कारण क्रूड की डिमांड में भारी कमी देखी जा रही है। अलबत्ता सोने में रिकॉर्ड स्तर से काफी गिरने के बाद थोड़ी मजबूती बनी है। क्रूड में गिरावट का हाल ये है कि ब्रेंट के दाम गिरकर 26 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गए हैं। दुनिया के कई देशो में लॉक डाउन हो गया है। परिणामस्वरूप क्रूड डिमांड और ग्लोबल ग्रोथ में अब तक 60 फीसदी तक की गिरावट आ चुकी है। रूस और सऊदी अरब में प्राइस वार से इस पर दोहरा दबाव देखने को मिल रहा है। एसएंडपी ने क्रूड का अनुमान 10 डॉलर घटाया है। इसी प्रकार ब्रेंट का अनुमान 40 डॉलर से घटाकर 30 डॉलर कर दिया है।