देश भर में लॉकडाउन के बीच चैत्र नवरात्रा प्रारंभ, कोरोना का व्यापार व उद्योग पर गहरा असर

जयपुर, 25 मार्च कोरोना वायरस के खिलाफ 21 दिनों के सम्पूर्ण लॉकडाउन का आज पहला दिन है। वहीं आज से चैत्र नवरात्रा भी शुरू हो रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि वह कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने वालों के लिए प्रार्थना करेंगे। उन्होंने मेडिकल स्टाफ, पुलिस एवं मीडिया आदि का नाम लिया। मोदी ने कहा कि देश भर में इन दिनों त्योहार मनाए जाते थे। इस बार उन्हें पहले की तरह नहीं मनाया जाएगा। मगर ये त्योहार हमें संकट से निकलने का हौंसला जरूर देंगे।

कोरोना का प्रकोप दुनिया भर में देखने को मिल रहा है। उद्योगों पर भी इसका गहरा असर पड़ा है। तेल बाजार की बात करें तो हालात ये हैं कि कच्चे तेल की कीमतों में 29 साल की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। इसका असर घरेलू बाजार में साफ तौर पर देखा जा सकता है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) तथा नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव एक्सचेंज (एनसीडैक्स) पर मेटल एवं एग्री कमोडिटी में उठापटक जारी है।

सोने की कीमतों में आज 25 मार्च 2020 दोपहर लगभग 12.30 बजे लगातार सातवें दिन बढ़त देखने को मिली है। डॉलर में कमजोरी और अमेरिकन फैडरल रिजर्व के एलानों से सोने की कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है। इसके अलावा डिमांड बढ़ने से चांदी में भी उछाल आया है। कच्चे तेल में एक बार फिर से रिकवरी आ रही है। ब्रेंट के दाम 27 डॉलर से ऊपर चल रहे हैं। हालांकि लंदन मेटल एक्सचेंज (एलएमई) में कमजोरी के चलते बेस मेटल्स के भावों पर दबाव देखा जा रहा है। डॉलर में गिरावट से क्रूड महंगा हुआ है। अमेरिका में दिए गए राहत पैकेज से भी इसे सपोर्ट मिला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेरिका असीमित मात्रा में बांड खरीदेगा।

एग्री कमोडिटी में सोयाबीन के साथ-साथ धनिया व जीरे में भी अच्छी मजबूती दर्ज की जा रही है। हालांकि हाजिर बाजार बंद होने से वहां से कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं। लाकडाउन के चलते जरूरी चीजों के दाम बढ़ना शुरू हो गए हैं। चना, मूंग, उड़द एवं अरहर की दाल के अलावा बासमती चावल के भाव निरंतर उछल रहे हैं। अरहर की दाल 100 रुपए प्रति किलो से ऊंची बिक रही है। आलू व प्याज भी महंगे बोले जा रहे हैं।