रिकार्ड तेजी के बाद 250 रुपए क्विंटल टूटी सरसों

स्टॉकिस्टों एवं किसानों की बिकवाली से आई सीड में गिरावट

जयपुर, 17 मई। रिकार्ड तेजी आने के बाद सरसों सीड के भाव अब गिरने लगे हैं। सरसों मिल डिलीवरी 42 प्रतिशत तेल कंडीशन दो-तीन दिन के अंतराल में 250 रुपए मंदी होकर सोमवार को 7500 रुपए प्रति क्विंटल रह गई। समर्थन पाकर एगमार्क सरसों तेल एवं सोयाबीन रिफाइंड में भी गिरावट का रुख देखा गया। देश की मंडियों में सरसों सीड की दैनिक आवक बढ़कर आज करीब पौने तीन लाख बोरी पहुंचने के समाचार हैं। स्टॉकिस्टों एवं किसानों की बिकवाली के चलते सरसों में गिरावट का रुख बना है। जानकारों का कहना है कि मंदी आने के बाद सरसों एक बार फिर महंगी हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार सरसों की कीमतें एक बार फिर नया रिकार्ड बना सकती हैं। कोरोनाकाल में सरसों तेल की डिमांड लगातार बनी होने से फिलहाल इसमें लंबी मंदी के आसार नहीं हैं। वायदा बाजार टूटने तथा नफावसूली की बिकवाली के कारण सरसों सीड में नरमी बनी है। सरसों सस्ती होने से सरसों खल में भी 100 रुपए निकल गए। सरसों खल प्लांट के भाव 2825 रुपए प्रति क्विंटल पर घटाकर बोले जा रहे थे।