प्रणव पण्डया से मिले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह

 

हरिद्वार, 24 जून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अपने निजी दौरे पर यहां गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुँचे। उन्होंने सर्वप्रथम युगऋषि की पावन समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर शुभाशीष मांगा तथा गायत्री मंदिर में आरती कर देश के अमन चैन का आशीर्वाद लिया। इस दौरान अमित शाह नेअखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डा.प्रणव पण्ड्या एवं संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी से भेंट की। उन्होंने करीब 15मिनट तक गायत्री परिवार प्रमुख  से चर्चा की। उनके साथ मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत,  केबीनेट मंत्री मदन कौशिक, राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डे तथा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट आदि उपस्थित थे। इससे पहले शाह के शांतिकुंज पहुँचने पर पीत वस्त्रधारी बहिनों ने वैदिक मंत्रों के साथ पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपक रावत,  एसडीएम मनीष कुमार सिंह,जिला सूचना अधिकारी सुश्री अर्चना के अलावा काफी संख्या में पत्रकार आदि मौजूद रहे।