डिमांड बढ़ने से चीनी 38 रुपए प्रति किलो पहुंची

अधिक उत्पादन को देखते हुए लंबी तेजी नहीं

जयपुर, 5 मई। गरमी में चीनी की खपत बढ़ने तथा कोटा कम छोड़े जाने से इन दिनों चीनी में तेजी का रुख देखा जा रहा है। स्थानीय सूरजपोल मंडी में हाजिर चीनी के भाव 3550 से 3750 रुपए प्रति क्विंटल खर्चा सहित बोले जा रहे हैं। दो दिन में चीनी की कीमतें थोक में 50 से 75 रुपए प्रति क्विंटल उछल गई हैं। रिटेल में चीनी 38 से 40 रुपए प्रति किलो, जबकि ब्रांडेड उत्तम एवं मवाना चीनी 45 से 48 रुपए प्रति किलो बिकने की खबर है। सांगानेर स्थित महेश ट्रेडिंग कंपनी के शुभम अग्रवाल ने बताया कि इन दिनों गरमी बढ़ने से चीनी की खपत में इजाफा हुआ है। मई के लिए चीनी का कोटा 21 लाख टन छोड़ा गया है, जो कि खपत को देखते हुए कम माना जा रहा है। शुभम ने कहा कि हालांकि उत्पादन अधिक होने से चीनी में लंबी तेजी के आसार नहीं हैं।

चीनी उद्योग के प्रमुख संगठन भारतीय चीनी मिल संघ (इस्मा) के अनुसार मौजूदा विपणन सत्र (अक्टूबर-सितंबर) के दौरान देश में कुल चीनी उत्पादन 330 लाख टन की नई रिकार्ड ऊंचाई को छू सकता है। पिछले विपणन सत्र वर्ष 2017-18 में देश में 325 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। ज्ञात रहे देश में चीनी की सालाना खपत 260 लाख टन के आसपास ही है। पिछले साल की तुलना में पांच लाख टन अधिक उत्पादन को देखते हुए चीनी में लंबी तेजी के आसार समाप्त हो गए हैं। जानकारों के मुताबिक अधिक उत्पादन के चलते रिटेल में चीनी की कीमतें 40 रुपए प्रति किलो के आसपास ही घूमती रह सकती हैं।

देश में कब कितना उत्पादन

विपणन वर्ष 2017-18         325 लाख टन

विपणन वर्ष 2018-19         330 लाख टन

(स्रोत- भारतीय चीनी मिल संघ)