सैक्यूलरवाद के नाम पर हिन्दुओं का विरोध बंद हो

भारत रक्षा मंच के अध्यक्ष रघुनंदन शर्मा ने दी चेतावनी

जयपुर, 27 जून। भारत रक्षा मंच राजस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा ने कहा है कि देश में सैक्यूलरवाद के नाम पर केवल हिन्दुओं का विरोध होता है। उनके धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम साम्प्रदायिक समझे जाते हैं। हिन्दुओं को छोड़कर शेष धर्मावलंबियों की गतिविधियां धर्म निरपेक्ष समझी जाती हैं। भारत की वर्तमान चुनौतियां एवं समाधान विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि सैक्युलरवादी लोग उनकी पीठ थपथपाते हैं, उससे उनको और ताकत मिलती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भारत में अवैध रूप से घुसपैठ करने वालों को चिन्हित कर उन्हें वापस भेजा जाएगा। इसके लिए देश भर में राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर बनाया जावे एवं देश के सभी नागरिकों के साथ समान कानून हो। सम्मेलन से पूर्व पत्रकारों को संबोधित करते हुए शर्मा ने बताया कि निम्न महत्वपूर्ण मांगों के समर्थन में भारत रक्षा मंच सक्रिय है। इसके लिए लोकतांत्रिक तरीके से सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। भारत रक्षा मंच राजस्थान की मुख्य मांगें इस प्रकार हैं।

मीडिया को हिन्दुओं के अस्तित्व संकट से अवगत करवाकर मीडिया कर्मियों का सहयोग प्राप्त करना।

जनता में जन जागरण के माध्यम से इस सकंट एवं देश की रक्षा के प्रश्न पर जनता को जागरूक करना।

राजनीतिक दल तथा जन प्रतिनिधियों से देश में आने वाले इस संभावित संकट के बारे में चर्चा कर उन्हें देश हित में कानून बनाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं में मुखर होने का आग्रह करना।

जहां कानूनी लड़ाई लड़ी जा सकती है, उन मुद्दों को न्यायालय में ले जाना तथा कोर्ट से न्याय प्राप्त करने का प्रयास करना।