देश भर में लॉकडाउन से एग्री ट्रेड पर खासा असर

जयपुर, 8 अप्रैल कोरोना वायरस के कारण देश भर में लॉकडाउन से इन दिनों एग्री ट्रेड पर खासा असर पड़ा है। वर्तमान में रबी फसलों की कटाई जारी है, लेकिन मजदूरों की कमी के कारण कटाई पर असर देखा जा रहा है। इसके अलावा मंडियां बंद होने से हाजिर कारोबार भी नहीं हो पा रहा है। लिहाजा आने वाले दिनों में खाने-पीने की चीजों की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है। इस बीच देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण सरकार लॉकडाउन को आगे बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। मजदूरों की कमी से जरूरी चीजों की सप्लाई पर असर पड़ रहा है।

जरूरी सामान जमा करने से बढ़ी कीमतें

जयपुर खाद्य तेल वनस्पति व्यापार संघ के महासचिव अशोक सारथी ने बताया कि पूर्व में मजदूरों की कमी से खाने के तेलों की प्रोसेसिंग में कमी आ गई थी, लेकिन अब सरकारी प्रयासों से प्रोसेसिंग एवं सप्लाई व्यवस्था सुचारू हो गई है। सारथी ने कहा हालांकि मजदूरों की कमी से रबी फसलों की कटाई पर असर पड़ा है। ट्रेड से जुड़े सूत्रों के मुताबिक देश में दाल एवं खाने के तेलों के थोक दाम तीन से चार फीसदी तक बढ़े हैं। लोगों के जरूरी सामान जमा करने से भी दाम बढ़े हैं। हालांकि रबी की अच्छी फसल से कीमतों में ज्यादा बढ़त नहीं हुई है। पर्याप्त स्टॉक के कारण भी कीमतों में बढ़ोतरी सीमित है।