होलसेल में 34 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा गुड़

चीनी मिलों एवं क्रैशरों पर गन्ने की आपूर्ति बढ़ी

जयपुर, 29 नवंबर। स्थानीय गुड़-चीनी बाजार में इन दिनों गुड़ की थोक कीमतें 35 रुपए प्रति किलो से नीचे आ गई हैं। ढैया गुड़ तो होलसेल में 30 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। लड्‌डू गुड़ 33 से 34 रुपए तथा पतासी गुड़ के भाव 33 रुपए प्रति किलो तक बोले जा रहे हैं। रिटेल काउंटर्स पर गुड़ 45 से 70 रुपए प्रति किलो क्वालिटी वाइज बेचा जा रहा है। इस बीच चीनी में भी उतार चढ़ाव बना हुआ है। स्थानीय सूरजपोल मंडी में हाजिर चीनी के भाव 38 से 40 रुपए प्रति किलो थोक में बोले जा रहे हैं। हालांकि खुदरा में चीनी 40 से 44 रुपए प्रति किलो से कम पर उपलब्ध नहीं है। जानकारों के मुताबिक चीनी मिलों एवं क्रैशरों पर गन्ने की आपूर्ति बढ़ जाने से गुड़ तथा चीनी का उत्पादन बढ़ने के समाचार हैं। यही कारण है कि गुड़ की सभी किस्मों के भाव घटाकर बताए जा रहे हैं। गौरतलब है कि अभी पेराई का सत्र जोरों पर रहेगा। इसे देखते हुए गुड़ एवं चीनी में और मंदी के संकेत हैं। देश में चीनी का उत्पादन इस बार 305 लाख टन होने का अनुमान चीनी मिलों की संस्था इस्मा द्वारा लगाया जा रहा है। उधर पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं महाराष्ट्र के किसानों पर गन्ने का दबाव करीब 20 फीसदी बढ़ गया है। यही कारण है कि उत्पादक गुड़ के भाव घटाकर बोल रहे हैं।