बिकवाली दबाव से सरसों सीड में गिरावट शुरू

तीन दिन के अंतराल में 150 रुपए टूटी कंडीशन

जयपुर, 10 नवंबर। स्टॉकिस्टों की बिकवाली चलने से स्थानीय थोक मंडियों में सरसों सीड में गिरावट शुरू हो गई है। दो-तीन दिन के अंतराल में सरसों मिल डिलीवरी 42 प्रतिशत तेल कंडीशन 150 रुपए टूट गई है। इसके भाव मंगलवार को 6225 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। ध्यान रहे पिछले सप्ताह सरसों कंडीशन 6375 रुपए प्रति क्विंटल बिक गई थी। जानकारों के मुताबिक वर्तमान में सरसों की बिजाई अच्छी मात्रा में चल रही है। सरसों के दाम ऊंचे होने से इस साल सरसों का बिजाई रकबा बढ़ने के आसार दिखाई दे रहे हैं। नई सरसों फरवरी में आ जाती है। लिहाजा कहा जा सकता है कि सरसों में अब तेजी थम सकती है। हालांकि सरसों तेल में फिलहाल कोई मंदा नहीं आया है। इस बीच कुछ व्यापारियों का कहना है कि सरसों की बिजाई ज्यादा हो या कम। इसके भाव तो डब्बे यानी एनसीडैक्स के आधार पर ही चलेंगे। उधर सोयाबीन तेल के भावों में निरंतर तेजी का रुख बना हुआ है। सरसों तेल के समर्थन में सोया रिफाइंड तेल तेजी के नित नए रिकार्ड बना रहा है। बीते सप्ताह एनसीडैक्स पर सोया तेल की कीमतें लाइफ टाइम हाई पर पहुंच गईं थी। हालांकि अभी यह थोड़ा माइनस में चल रहा है। मूंगफली फिल्टर एवं रिफाइंड तेल में मामूली गिरावट दर्ज की गई।