प्रदेश में नए धनिये का श्रीगणेश, 10 रुपए प्रति किलो सस्ता

कोटा ईगल 92 रुपए, धनिया बादामी कोटा 89 रुपए प्रति किलो जीएसटी पेड

जयपुर, 20 दिसंबरराजस्थान एवं गुजरात की उत्पादक मंडियों में नए धनिये का श्रीगणेश हो गया है। राजस्थान की रामगंजमंडी में 11 बोरी नया धनिया आया और इसमें करीब 15 फीसदी नमी है। इसके भाव 111 रुपए प्रति किलो बोले गए हैं। इसी प्रकार गुजरात की गोंडल मंडी में 45 बोरी नए धनिये की आवक होने के समाचार हैं। वहां पर इसके भाव 140 रुपए प्रति किलो बताए गए हैं। इस बीच नए धनिये की आवक एवं स्टॉक को देखते हुए धनिये की कीमतों में गिरावट का रुख शुरू हो गया है। एक-डेढ़ सप्ताह के दौरान धनिये में 10 रुपए प्रति किलो निकल गए हैं। धनिया कोटा ईगल 92 रुपए प्रति किलो जीएसटी पेड तथा धनिया बादामी कोटा 89 रुपए प्रति किलो पर नरमी लिए हुए था। राजधानी कृषि उपज मंडी कूकरखेड़ा स्थित श्रीनाथ ब्रोकर्स के प्रमोद मेड़तवाल ने बताया कि दो माह के अंतराल में धनिया लगभग 30 रुपए प्रति किलो टूट चुका है। वर्तमान में देश में धनिये का स्टॉक 30 लाख बोरी के आसपास बताया जा रहा है। वैसे भी देश में इस साल धनिये की बिजाई ज्यादा हुई है। गुजरात के सौराष्ट्र में तो धनिया करीब दुगुने क्षेत्रफल में बोया गया है। कृषि विभाग के अधिकृत आंकड़ों के अनुसार गुजरात में पिछले साल 1 लाख 18 हजार हैक्टेयर में धनिया बोया गया था, जबकि इस साल 2 लाख 7 हजार हैक्टेयर में धनिये की बिजाई हुई है। इस प्रकार गुजरात में धनिये की बिजाई में लगभग 90 हजार हैक्टेयर का उछाल आया है। गुजरात का सौराष्ट्र सबसे बड़ा धनिया बिजाई करने वाला क्षेत्र बनकर उभरा है। मध्य गुजरात में तो धनिये की बिजाई में सौराष्ट्र से भी अधिक बढ़ोतरी हुई है। हालांकि गुजरात के कच्छ में धनिये की बिजाई काफी कम हुई है।