बिहार में पैदावार ज्यादा होने से मक्का में 400 रुपए की गिरावट

हरियाणा डिलीवरी मक्की का हो रहा 2010 रुपए प्रति क्विंटल में व्यापार

जयपुर, 11 मई। बिहार व बंगाल में मक्का की पैदावार अधिक होने से इन दिनों मक्का की कीमतें जमीन पर आ गई हैं। एक-डेढ़ माह के अंतराल में मक्का के भाव करीब 400 रुपए प्रति क्विंटल नीचे आ गए हैं। जयपुर मंडी में लूज मक्का 1950 रुपए तथा हरियाणा डिलीवरी मक्का 2010 रुपए प्रति क्विंटल पर घटाकर व्यापार होने की खबर है। भीलवाड़ा स्थित मक्का के प्रमुख ब्रोकर संजय अजमेरा ने बताया कि अगले महीने पंजाब, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश की नई मक्का शुरू हो जाएगी। राजस्थान की मक्का नवंबर में आती है। इस बार बिहार में मक्की का उत्पादन ज्यादा हुआ है। लिहाजा कीमतों में लगातार गिरावट आ रही है। अजमेरा ने कहा कि निर्यात पड़ता नहीं होने से भी मक्का की कीमतें निंरतर टूट रही हैं। जानकारों का कहना है कि स्टॉकिस्टों की लिवाली नहीं निकली तो मक्का में और नरमी के आसार बन सकते हैं। बता दें मक्का पूरे विश्व में खासतौर पर अमेरिका में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला अनाज है। इसके साथ ही यूरोप एवं ऑस्ट्रेलिया जैसे देश में भी मक्की का काफी इस्तेमाल होता है। यही कारण है कि अमेरिका पूरे विश्व में सबसे ज्यादा मक्का उत्पादन करने वाला देश है। उसके बाद चीन फिर ब्राजील है। फिर कहीं जाकर छटे नंबर पर भारत आता है। पूरे विश्व में जितनी भी मक्का पैदा होती है, उसमें भारत का करीब 3 फीसदी हिस्सा है। भारत में चावल और गेहूं के बाद तीसरा स्थान मक्की का आता है। इतनी महत्वपूर्ण फसल में सबसे बड़ा योगदान कर्नाटक देता है। अकेले कर्नाटक में भारत के कुल मक्का उत्पादन का 15 फीसदी हिस्सा पैदा होता है। दूसरे नंबर पर भारत का सबसे ज्यादा मक्का उत्पादन करने वाला राज्य राजस्थान है। बिहार, बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब एवं मध्य प्रदेश में भी मक्की का उत्पादन होता है। एक-डेढ़ माह पहले मक्का 2400 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास बिक चुकी है।